जालंधर PAP में CM भगवंत मान ने 1746 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले– गैंगवार रोकने की अब आपकी जिम्मेदारी

जालंधर।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को जालंधर स्थित पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने 1746 नए भर्ती युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी भर्तियों से कैश और फरमाइश की व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया है।
सीएम मान ने माना कि पंजाब में गैंगवार की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन अब इन्हें खत्म करने की जिम्मेदारी नए भर्ती पुलिसकर्मियों पर भी है। उन्होंने कहा कि अब तक पंजाब सरकार 63 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं PAP में कई बार आ चुका हूं। पहले बतौर कलाकार कार्यक्रम करने आता था, अब होम मिनिस्ट्री मेरे पास है। मैं पुलिस व्यवस्था को अच्छी तरह जानता हूं।” उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि उनके पास आज भी पंजाब पुलिस की वर्दियां रखी हुई हैं और उन्हें पुलिस की छोटी-छोटी बातों की जानकारी है।
लोहड़ी का तोहफा बताया नियुक्ति पत्र
सीएम भगवंत मान ने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनकी तरफ से लोहड़ी का तोहफा है। उन्होंने कहा कि नौकरी की तैयारी के दौरान जिन लोगों ने ताने मारे होंगे, आज वही बधाई देने आएंगे।
पंजाब बॉर्डर स्टेट, सुरक्षा बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है और करीब 532 किलोमीटर की सीमा की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है। यह इलाका पूरी तरह मैदानी है, जहां ड्रोन के जरिए नशा भेजने की कोशिशें होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं और भविष्य में सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशिक्षित जवानों के हाथ में होगी।
सड़क सुरक्षा और साइबर क्राइम पर फोकस
सीएम मान ने बताया कि देश की पहली सड़क सुरक्षा फोर्स पंजाब में बनाई गई है, जिसका रिस्पॉन्स टाइम 6 मिनट है। इसके चलते सड़क हादसों में मौतों की संख्या में 49 प्रतिशत की कमी आई है। दुर्घटनाओं में मिले गहने और अन्य सामान भी लोगों को लौटाए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 17 करोड़ रुपये है।
उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड एक बड़ी चुनौती बन चुका है, इसलिए तकनीकी रूप से मजबूत युवाओं की भर्ती की गई है। राज्यभर में सड़कों पर कैमरे लगाए गए हैं ताकि अपराध पर नियंत्रण किया जा सके।