पटियाला में पुलिस एनकाउंटर, गोल्डी ढिल्लों गैंग के 2 खतरनाक शूटर गिरफ्तार

पटियाला में पुलिस एनकाउंटर, गोल्डी ढिल्लों गैंग के 2 खतरनाक शूटर गिरफ्तार

patiala encounter

पटियाला | 12 जनवरी 2026

पंजाब पुलिस की गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत पटियाला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोल्डी ढिल्लों गैंग के दो खतरनाक शूटरों को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) वरुण शर्मा ने दी।

SSP वरुण शर्मा ने बताया कि यह ऑपरेशन CIA स्टाफ पटियाला द्वारा SP (इन्वेस्टिगेशन) और DSP की अगुवाई में अंजाम दिया गया।

सीक्रेट सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोल्डी ढिल्लों गैंग के शूटर दविंदर सिंह (निवासी चमकौर साहिब) और अनुज कुमार (निवासी गांव मानेमाजरा) किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मोटरसाइकिल पर घूम रहे हैं।

12 जनवरी 2026 को जब पुलिस टीम ने गांव डालनपुर बाईपास के पास रोड ब्लॉक कर आरोपियों को रुकने का इशारा किया, तो दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के पैरों में गोली लगी।

इलाज के बाद गिरफ्तारी

घायल अवस्था में दोनों आरोपियों को राजिंदरा अस्पताल, पटियाला में भर्ती करवाया गया, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार और सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

  • एक .30 बोर पिस्टल

  • एक .32 बोर पिस्टल

  • 7 चले हुए कारतूस

  • 3 जिंदा राउंड

  • एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
    बरामद की है।

बुजुर्ग पर हमले और फिरौती का खुलासा

SSP के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर 12 दिसंबर 2025 को गांव गंधेमाजरा में 70 वर्षीय दर्शन सिंह पर हुए जानलेवा हमले में शामिल थे। दर्शन सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।

जांच में सामने आया है कि दर्शन सिंह के अमेरिका में रहने वाले बेटे प्रीत से गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों ने फिरौती मांगी थी। फिरौती न मिलने पर गोल्डी ढिल्लों ने अपने साथियों के जरिए इस हमले को अंजाम दिलवाया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।