होटल के कमरे से ऑस्ट्रेलिया से आई NRI महिला का शव बरामद, पति फरार

जिला ब्यूरो | अमृतसर
जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब कोर्ट रोड स्थित एक होटल के कमरे से ऑस्ट्रेलिया से भारत आई एक NRI महिला का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। मृतका की पहचान प्रभजोत कौर, निवासी गांव वड़ैच, गुरदासपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद से महिला का पति मनदीप सिंह ढिल्लो फरार है, जिस पर पुलिस को गंभीर संदेह है।
प्रभजोत कौर अपने पति और बच्चे के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहती थी। जानकारी के अनुसार, वह हाल ही में एक पारिवारिक व धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आई थी। अमृतसर पहुंचने पर पति-पत्नी कोर्ट रोड स्थित होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान होटल के कमरे में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पति मौके से फरार पाया गया।
शादी के बाद बढ़ा तनाव, परिवार ने जताया शक
मृतका के परिजनों के अनुसार, शादी के शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद के वर्षों में पति के शक और आपसी मतभेदों के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे थे।
मृतका के भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि दोनों ऑस्ट्रेलिया में रह रहे थे और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आए थे।
वहीं, मृतका के पिता मक्खन सिंह ने कहा कि बेटी की शादी अच्छे परिवार में हुई थी और इससे पहले किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी।
इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों को मृतका के 6–7 महीने के मासूम बच्चे के भविष्य की भी चिंता सता रही है।
112 पर सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब डेढ़ बजे 112 नंबर पर होटल में महिला की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी लखविंदर सिंह कलेर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच तनाव की बात सामने आई है। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
फरार पति की तलाश तेज
पुलिस ने फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिशें तेज कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।