ईरान में हालात गंभीर, भारत सरकार की नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह, छात्रा का भावुक वीडियो आया सामने

iran gripped by violence internet shutdown deepens worry for indian students

नई दिल्ली। ईरान में बीते दो सप्ताह से जारी हिंसक प्रदर्शनों ने हालात को बेहद चिंताजनक बना दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक 2,500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दी है। इसी बीच इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों और उनके परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

इन हालात के बीच ईरान में रह रही जम्मू-कश्मीर की एक छात्रा का भावुक वीडियो संदेश सामने आया है, जिसमें वह अपने परिवार को अपनी सलामती की जानकारी देती नजर आ रही है।

“मैं जिंदा हूं, ठीक हूं…” छात्रा का भावुक संदेश

वीडियो संदेश में छात्रा कहती है,
“अस्सलामुअलैकुम अम्मी-अब्बू, आप सब कैसे हैं? मैं यहां ठीक हूं। यह मेरी दोस्त शायसा का फोन है, उसी से यह वीडियो रिकॉर्ड कर रही हूं ताकि आप तक पहुंच सके और आपको पता चले कि मैं सुरक्षित हूं।”

छात्रा अपने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहती है कि वे ज्यादा चिंता न करें।
“मैं ठीक हूं, अच्छे से खा-पी रही हूं और मेरे पास पैसे भी हैं। यहां प्रोटेस्ट होते रहते हैं, कभी ज्यादा, कभी कम, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। मैं ज्यादातर अंदर ही रहती हूं।”

छात्रा ने यह भी बताया कि शाम के समय कई इलाकों में कर्फ्यू जैसी स्थिति रहती है, लेकिन फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।
“अगर सरकार ने वापस बुलाया तो हम जरूर आएंगे। आप इंतजार मत करना, बस दुआ करते रहना।”

इंटरनेट बंद, परिजनों की बढ़ी बेचैनी

ईरान में इंटरनेट सेवाएं ठप होने के कारण छात्रों से संपर्क नहीं हो पाने से देशभर में, खासकर जम्मू-कश्मीर के अभिभावकों में चिंता का माहौल है। श्रीनगर में परिजनों ने बताया कि वे न तो अपने बच्चों से बात कर पा रहे हैं और न ही उन्हें पैसे भेज पा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से सभी छात्रों को सुरक्षित स्वदेश लाने की मांग की है।

“छात्र सुरक्षित हैं, लगातार संपर्क में हैं”

ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIMSA) और FAIMA डॉक्टर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन ने बताया कि इंटरनेट बंद होने के बावजूद कई छात्र वैकल्पिक माध्यमों से संपर्क में हैं। उनके अनुसार, कुछ छात्र इराक सीमा के पास पहुंच गए हैं और उन्होंने टेक्स्ट संदेशों के जरिए अपनी सुरक्षा की जानकारी दी है।

डॉ. मोमिन ने कहा कि छात्र फिलहाल सुरक्षित हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।