कनाडा के सरे में पंजाबी कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, समुदाय में दहशत

कनाडा के सरे में पंजाबी कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, समुदाय में दहशत

PunjabKesari

पंजाब डेस्क। कनाडा के सरे (Surrey) शहर में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके और पंजाबी समुदाय में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। भारतीय मूल के पंजाबी कारोबारी बिंदर गरचा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों और पंजाबी समुदाय ने कनाडा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बिंदर गरचा सरे में स्टूडियो-12 और एक क्लब के मालिक थे। इसके अलावा वे इमिग्रेशन सर्विस, लिमोज़िन कंपनी सहित कई अन्य व्यवसायों से भी जुड़े हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें 176 स्ट्रीट और 35 एवेन्यू के पास, अमेरिकी सीमा की ओर जाने वाली सड़क के नजदीक निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर कनाडाई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, हालांकि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि बिंदर गरचा मूल रूप से पंजाब के तरनतारन जिले के बेदियां गांव के रहने वाले थे और कई वर्ष पहले अपने परिवार के साथ कनाडा गए थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं।

इस घटना के बाद कनाडा में रह रहे पंजाबी समुदाय में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और समुदाय की सुरक्षा को और मजबूत किया जाए। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी ने एक बार फिर विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।