जालंधर: धोगड़ी गांव में युवक पर फायरिंग और तेजधार हथियारों से हमला, हालत गंभीर

जालंधर: धोगड़ी गांव में युवक पर फायरिंग और तेजधार हथियारों से हमला, हालत गंभीर

jalandhar dispute turns violent shots fired

जालंधर। जिले के धोगड़ी गांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने पहले युवक पर गोलियां चलाईं और फिर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान विनय के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

डॉक्टरों के अनुसार विनय की हालत नाजुक बनी हुई है, हालांकि फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी देते हुए घायल युवक के मामा मक्खन थापर ने बताया कि देर रात करीब 5 से 6 युवक विनय के घर पहुंचे और उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले तीन राउंड फायरिंग की, लेकिन सौभाग्यवश कोई भी गोली विनय को नहीं लगी। इसके बाद हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मक्खन थापर ने बताया कि हमलावर धोगड़ी गांव के जंडू सिंघा इलाके के रहने वाले हैं और उनके साथ पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और साहस दिखाते हुए हमलावरों को खदेड़ दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।