माघी के पावन अवसर पर CM भगवंत मान पहुंचे श्री मुक्तसर साहिब, महिलाओं को ₹1000 मासिक सहायता का ऐलान

चंडीगढ़, 14 जनवरी । माघी के पवित्र अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री मुक्तसर साहिब का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा श्री टुट्टी गंडी साहिब में माथा टेककर संगत से आशीर्वाद लिया और विशाल जनसमूह को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 169 गुमशुदा स्वरूपों के मिलने को लेकर पंजाब सरकार के रुख को दोहराते हुए कहा कि यह किसी उपलब्धि का नहीं, बल्कि सरकार के कर्तव्य का विषय है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि पंजाब सरकार आगामी बजट में महिलाओं के लिए प्रति माह एक हजार रुपये सहायता योजना के लिए आवश्यक बजटीय प्रावधान करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब के लोगों से किए गए हर वादे को पूरा किया है और आगे भी सभी वादों को पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा।
माघी अवसर पर आयोजित विशाल राजनीतिक समागम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा,
“हमने जनता से जो भी वादा किया, उसे निभाया है। अब राज्य की हर महिला को एक हजार रुपये प्रति माह देने की योजना लागू की जाएगी। आगामी बजट में इसकी पूरी व्यवस्था की जाएगी। यह सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।”
गुरुद्वारा श्री टुट्टी गंडी साहिब के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पवित्र धरती भाई महां सिंह जी के नेतृत्व में सिख योद्धाओं के महान बलिदान की साक्षी है। उन्होंने कहा कि माघी के अवसर पर राज्यभर से संगत यहां एकत्र होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है। यह बलिदान सिखों को अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारें चुनाव जीतने के बाद पंजाब को लूटने में लगी रहीं। उन्होंने कहा,
“‘आप’ का प्रतीक झाड़ू ने राजनीतिक व्यवस्था की सफाई कर दी है। इसी कारण पारंपरिक पार्टियां घबराई हुई हैं। वे मुझ पर इसलिए हमला कर रहे हैं क्योंकि मैं एक साधारण परिवार से आता हूं, जिसे वे स्वीकार नहीं कर पा रहे।”
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान बड़ी संख्या में संगत और ‘आप’ समर्थक मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि माघी अवसर पर उमड़ा जनसैलाब सरकार में लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।