लुधियाना ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स को उड़ाने की धमकी, ई-मेल भेजकर मानव बम से हमले की बात, केस दर्ज

लुधियाना। महानगर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक अज्ञात व्यक्ति ने लुधियाना ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स को मानव बम के जरिए दहलाने की धमकी दी है। यह धमकी भरा ई-मेल “अजमल अब्दुल राज” के नाम से भेजा गया, हालांकि पुलिस का मानना है कि यह नाम फर्जी हो सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ई-मेल rajeevan_ajmal@outlook.com नामक ई-मेल आईडी से भेजा गया है। भेजने वाले ने खुद को अजमल अब्दुल राज बताते हुए ई-मेल में स्पष्ट रूप से लिखा है कि लुधियाना ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स में मानव बम के माध्यम से बड़ा धमाका किया जाएगा।
इस गंभीर धमकी के मद्देनज़र माननीय सेशन जज के कार्यालय की ओर से तत्काल आदेश जारी किए गए, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। अदालत ने पूरे प्रकरण को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए रिपोर्ट दर्ज करने और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने ई-मेल के तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके। साइबर सेल की टीमें ई-मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी हुई हैं।
वहीं, ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा कर दिया गया है। परिसर में आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।