एटा में दिल दहला देने वाली घटना, 8 साल का मासूम मां का शव लेकर पहुंचा पोस्टमार्टम हाउस

नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक 8 साल का मासूम अपनी मां के शव को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मृतक महिला नीलम (45) लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। उसका आठ साल का बेटा ही मां का एकमात्र सहारा था। इलाज के लिए मासूम बच्चे ने अपनी मां को दिल्ली, कानपुर और फर्रुखाबाद तक ले जाने की कोशिश की, लेकिन बीमारी के आगे नीलम जिंदगी की जंग हार गई। बुधवार रात उसने अंतिम सांस ली।
संपत्ति की लालच में रिश्तों ने मोड़ा मुंह
मासूम बच्चे ने बताया कि उसके पिता की एक साल पहले ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद रिश्तेदारों ने उससे और उसकी मां से दूरी बना ली। बच्चे का आरोप है कि चाचा और अन्य परिजनों की नजर केवल उनकी संपत्ति पर थी, लेकिन बीमारी के समय इलाज के लिए किसी ने आर्थिक मदद नहीं की। इतना ही नहीं, मां की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए भी कोई रिश्तेदार आगे नहीं आया।
पुलिस बनी सहारा
इस दर्दनाक स्थिति की जानकारी मिलते ही जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर मौके पर पहुंचे और पूरे मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस ने न केवल महिला का अंतिम संस्कार करवाया, बल्कि मासूम बच्चे को भविष्य में हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
यह घटना समाज में टूटते रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं के अभाव की एक कड़वी सच्चाई को उजागर करती है।