जालंधर: जल विलास पैलेस में घुसकर हमला, मैनेजर व चौकीदार घायल, CCTV में कैद आरोपी

जालंधर । जालंधर के वर्कशॉप चौक स्थित प्रसिद्ध जल विलास पैलेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैलेस के बाहर नशा कर रहे युवकों ने अंदर घुसकर मैनेजर और चौकीदारों पर हमला कर दिया। इस हमले में पैलेस के मैनेजर समेत दो चौकीदार घायल हो गए, जबकि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पैलेस के मैनेजर लक्ष्मण केसरी ने बताया कि वह नेपाल का रहने वाला है और 24 घंटे पैलेस परिसर में ही रहता है। उसका आरोप है कि गोपाल नगर इलाके के कुछ युवक रोज़ाना पैलेस के बाहर बैठकर नशा करते थे, जिसको लेकर पैलेस में आने वाले ग्राहक भी कई बार शिकायत कर चुके थे।
मैनेजर के अनुसार दो दिन पहले उसने युवकों से पैलेस के सामने नशा न करने की अपील की थी। इसी बात को लेकर आरोपी युवक रंजिश रखने लगे। अगले दिन आरोपी दोबारा नशा करते हुए वहां पहुंचे और मना करने पर रात के समय अपने साथियों के साथ पैलेस में घुस आए। आरोपियों ने मेन गेट पर लातें मारनी शुरू कर दीं।
शोर सुनकर जब चौकीदार बाहर आए तो युवकों ने उन पर भी हमला कर दिया। एक चौकीदार किसी तरह जान बचाकर भाग गया, जबकि बीच-बचाव करने आए मैनेजर लक्ष्मण केसरी पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पीड़ित मैनेजर ने इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस को शिकायत दी है। आरोप है कि घटना को दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते मैनेजर ने मीडिया के माध्यम से इंसाफ की गुहार लगाई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी होने की बात कह रही है।