2027 चुनाव से पहले पंजाब BJP को मजबूती, कई बड़े चेहरे पार्टी में शामिल

चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले सियासी गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में शनिवार को कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष रूप से चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी में नेताओं ने पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील कुमार जाखड़, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी मौजूद रहे।
कांग्रेस से जुड़े रहे पूर्व सांसद जगमीत बराड़, मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व ओएसडी ओंकार सिद्धू और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता चरणजीत बराड़ ने भाजपा की सदस्यता ली। इसके साथ ही कोटकपूरा क्षेत्र से विधायक रह चुके जगमीत बराड़ के भाई रिपजीत सिंह बराड़ भी भाजपा में शामिल हुए।
गौरतलब है कि जगमीत बराड़ पहले शिरोमणि अकाली दल से जुड़े रहे हैं और वर्ष 2022 में मौड़ मंडी विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने से मालवा क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक पकड़ मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील कुमार जाखड़ ने कहा कि भाजपा परिवार का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेता अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत जनाधार रखते हैं। जाखड़ ने कहा कि मौजूदा हालात से पंजाब की जनता चिंतित है और वह भाजपा से स्थिरता, सुरक्षा और विकास की उम्मीद कर रही है।
पंजाब भाजपा में हुए इन नए शामिलों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।