You are currently viewing कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया मर्डर केस में बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर करण पुलिस एनकाउंटर में ढेर

कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया मर्डर केस में बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर करण पुलिस एनकाउंटर में ढेर

कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया मर्डर केस में बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर करण पुलिस एनकाउंटर में ढेर

 

मोहाली।
कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया मर्डर केस में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर और गैंगस्टर करण को पुलिस ने खरड़ इलाके में देर रात हुए एनकाउंटर में मार गिराया। करण लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोहाली पुलिस को करण की मूवमेंट को लेकर पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद एक स्पेशल टीम ने खरड़ इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। खुद को पुलिस से घिरा देख करण ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से करण गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में करण को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि एनकाउंटर पूरी तरह आत्मरक्षा में किया गया।

15 दिसंबर को हुई थी राणा बलाचौरिया की हत्या

गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2025 की शाम मोहाली के सोहाना इलाके में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलाचौरिया की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर मोटरसाइकिल पर आए थे और पहले सेल्फी लेने के बहाने राणा को रोका। जैसे ही वह रुके, आरोपियों ने बेहद करीब से उन पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए।

डॉनी बाल गैंग से जुड़े थे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया था कि इस हत्याकांड में शामिल दोनों शूटरों की पहचान अमृतसर निवासी आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और करण पाठक के रूप में हुई थी। दोनों के तार कुख्यात डॉनी बाल गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुल तीन आरोपी शामिल थे, जिनमें दो शूटर और एक सहयोगी था।

जांच जारी

पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।