जालंधर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, यूनिवर्सिटी के पास वारदात से सनसनी

जालंधर।
जालंधर जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। आदमपुर में संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान केसर सिंह धामी (26) पुत्र दलबीर सिंह, निवासी संधरा सोदियां के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत आदमपुर थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दोस्तों के साथ बाइक पर था मृतक
इस मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि केसर सिंह धामी अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। मृतक के साथ भूपिंदर सिंह निवासी पियाला और अमन निवासी होशियारपुर मौजूद थे। केसर धामी दोनों दोस्तों के बीच में बैठा हुआ था।
बाइक टक्कर के बाद मारी गोली
जब तीनों युवक संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे, तभी सामने से मोटरसाइकिल पर सवार जस्सा ड्रोली कलां और उसका साथी चंदन पंडित वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने केसर धामी की मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मार दी। इसी दौरान जस्सा ड्रोली ने केसर सिंह धामी के सिर में गोली मार दी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल ले जाते समय मौत
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल केसर सिंह धामी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।