बठिंडा में फिरौती मांगने के मामले में पुलिस एनकाउंटर, आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

बठिंडा में फिरौती मांगने के मामले में पुलिस एनकाउंटर, आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

police encounter in bathinda over a ransom case

बठिंडा।
फिरौती मांगने के एक गंभीर मामले में बठिंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के गांव कटार सिंह वाला में एक आरोपी के साथ एनकाउंटर किया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी बठिंडा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तलवंडी साबो निवासी गुरसेव सिंह ने अजीत रोड स्थित आइलैंड सेंटर के पास एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

शनिवार सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी गांव कटार सिंह वाला इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा हुआ देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस की कड़ी निगरानी में है। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किए जाने की भी पुष्टि की है।

जीरो टॉलरेंस नीति

एसएसपी बठिंडा ने बताया कि फिरौती जैसे संगीन अपराधों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे अपराधियों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य कड़ियों को भी जोड़ा जा रहा है और यह जांच की जा रही है कि इस वारदात के पीछे कोई अन्य साथी या गिरोह तो शामिल नहीं है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।