उत्तराखंड: अंगीठी के धुएं से दम घुटने पर 4 साल की बच्ची की मौत, मां गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर

नेशनल डेस्क:
उत्तराखंड के नई टिहरी स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ठंड से बचने के लिए कथित तौर पर जलाई गई अंगीठी के धुएं से दम घुटने के कारण चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार की है। पूर्वाह्न करीब 10 बजे जब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सिपाही के पद पर तैनात गणेश पालवे के घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। आसपास के लोगों ने कई बार आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने देखा कि बिस्तर पर पालवे की पत्नी मोनिका (37) और उनकी चार वर्षीय बेटी आर्या बेहोशी की हालत में पड़ी थीं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची आर्या को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मोनिका की हालत बेहद गंभीर थी, जिसे देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि गणेश पालवे मूल रूप से महाराष्ट्र के अहमदनगर के निवासी हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। वह स्वयं अस्वस्थ होने के कारण इलाज के लिए देहरादून गए हुए थे।
कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई विषाक्त पदार्थ या सुसाइड नोट नहीं मिला। कमरे में केवल अंगीठी पाई गई, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अंगीठी से निकले धुएं के कारण दम घुटने से बच्ची की मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद सीआईएसएफ कॉलोनी और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। वहीं प्रशासन ने ठंड के मौसम में बंद कमरों में अंगीठी या कोयले का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।