गोविंदा–सुनीता आहूजा के रिश्ते में आई बड़ी दरार, पत्नी ने लगाए धोखेबाजी और अफेयर के गंभीर आरोप

गोविंदा–सुनीता आहूजा के रिश्ते में आई बड़ी दरार, पत्नी ने लगाए धोखेबाजी और अफेयर के गंभीर आरोप

bollywood actors govinda govinda girlfriend name komal sunita ahuja

नेशनल डेस्क:
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के वैवाहिक रिश्ते को लेकर चल रही अटकलें अब खुलकर सामने आ गई हैं। सुनीता आहूजा ने एक बेबाक इंटरव्यू में अपने पति पर धोखेबाजी, परिवार को नजरअंदाज करने और एक नई अभिनेत्री के साथ अफेयर जैसे गंभीर आरोप लगाकर फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी फैला दी है। उनका कहना है कि 63 साल की उम्र में गोविंदा का व्यवहार पूरे परिवार को शर्मिंदा कर रहा है।

नई अभिनेत्री के साथ रिश्ते का दावा

सुनीता ने दावा किया कि गोविंदा किसी नई अभिनेत्री के साथ रिश्ते में हैं, जो उन्हें अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में आने वाली कुछ लड़कियां अमीर और प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाती हैं, ताकि वे उनके खर्च उठा सकें, और इस चक्कर में दूसरों का घर बर्बाद हो जाता है।

सुनीता ने यहां तक कह दिया कि उस लड़की का नाम ‘कोमल’ होने की बात सामने आई है और उन्हें अब इस नाम से ही नफरत हो गई है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि उन्हें इस कथित अफेयर का कोई ठोस सबूत मिल गया, तो वे गोविंदा को कभी माफ नहीं करेंगी।

2025 रहा बेहद मुश्किल साल

अपने निजी जीवन पर खुलकर बात करते हुए सुनीता ने बताया कि 2025 का पूरा साल उनके लिए किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं रहा। इस दौरान उनकी पारिवारिक जिंदगी पूरी तरह बिखर गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गोविंदा अपने परिवार की बजाय बाहरी लोगों की बातों में ज्यादा आ रहे हैं।

बेटे के करियर को लेकर भी नाराजगी

सुनीता ने यह भी कहा कि गोविंदा अपने बेटे हर्षवर्धन के करियर पर ध्यान देने के बजाय गलत लोगों पर पैसा और समय बर्बाद कर रहे हैं। उनके मुताबिक, गोविंदा के आसपास रहने वाले अधिकतर लोग सिर्फ उनके पैसे के भूखे हैं और मुश्किल वक्त में कोई भी साथ नहीं देगा।

रिश्ते और उम्र को लेकर कड़वी सच्चाई

शादीशुदा रिश्तों पर अपनी बात रखते हुए सुनीता ने कहा कि जब पति-पत्नी के बीच से भरोसा खत्म हो जाता है, तो रिश्ता बचाना लगभग नामुमकिन हो जाता है। उन्होंने गोविंदा को नसीहत दी कि इस उम्र में उन्हें अपनी बेटी टीना की शादी और बेटे के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए, न कि ऐसी गलतियां करनी चाहिए जो सिर्फ जवानी में ही शोभा देती हैं।

2026 को लेकर उम्मीद

इंटरव्यू के अंत में सुनीता ने कहा कि 2026 की शुरुआत में वह बस यही प्रार्थना कर रही हैं कि गोविंदा को सही और गलत की पहचान हो सके और वे अपने परिवार की अहमियत समझें।

गोविंदा और सुनीता के इस विवाद ने न सिर्फ उनके प्रशंसकों को चौंका दिया है, बल्कि बॉलीवुड गलियारों में भी इस रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले पर गोविंदा की तरफ से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।