30 दिनों में हटेंगे थानों व सार्वजनिक स्थानों से कबाड़ और लावारिस वाहन, लोकल बॉडी मंत्री संजीव अरोड़ा

30 दिनों में हटेंगे थानों व सार्वजनिक स्थानों से कबाड़ और लावारिस वाहन, लोकल बॉडी मंत्री संजीव अरोड़ा के निर्देश

decades old abandoned vehicles to be removed from police stations in punjab

पंजाब डेस्क:
पंजाब में शहरी व्यवस्था को बेहतर बनाने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण व अव्यवस्था से मुक्त करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लोकल बॉडी मंत्री संजीव अरोड़ा ने निर्देश जारी किए हैं कि राज्यभर में थानों, सार्वजनिक ज़मीनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से खड़े कबाड़, लावारिस, बिना दावे वाले और ज़ब्त वाहनों को हटाया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि ऐसे सभी वाहनों को चिन्हित कर तय किए गए वाहन यार्डों में शिफ्ट किया जाएगा और यह पूरी प्रक्रिया 30 दिनों के भीतर पूरी की जाएगी। इसके लिए पुलिस विभाग, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें गठित की जाएंगी, जो सर्वे कर वाहनों की सूची तैयार करेंगी और तय समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।

बढ़ती अव्यवस्था और स्वास्थ्य खतरा

थानों और सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से खड़े लावारिस व जब्त वाहन न सिर्फ जगह घेर रहे हैं, बल्कि कई गंभीर समस्याओं को भी जन्म दे रहे हैं। इन वाहनों से आग लगने का खतरा, मच्छरों और चूहों के पनपने की आशंका रहती है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही, थानों में जगह की कमी के कारण पुलिस के रोजमर्रा के कामकाज में भी बाधा आ रही है।

वाहन मालिकों से अपील

राज्य सरकार ने वाहन मालिकों से अपील की है कि जिनके वाहन लंबे समय से किसी कारणवश थानों या सार्वजनिक स्थानों पर खड़े हैं, वे संबंधित पुलिस थाने या नगर निगम से संपर्क कर अपना मामला जल्द निपटाएं। तय अवधि के बाद अभियान के तहत ऐसे वाहनों को यार्ड में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

शहरों को साफ और सुरक्षित बनाने की पहल

लोकल बॉडी मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि यह अभियान शहरों को साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक सुरक्षा में सुधार होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।

सरकार का दावा है कि इस कार्रवाई के पूरा होने के बाद थानों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली अव्यवस्था काफी हद तक खत्म होगी और शहरी माहौल ज्यादा बेहतर और सुरक्षित बनेगा।