BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज होंगे नामांकन, नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय

BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज होंगे नामांकन, नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय

nitiin nabin bjp national president nominations today

नेशनल डेस्क:
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर आज यानी 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसके साथ ही अगले दिन यानी 20 जनवरी को नए पार्टी अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

मिली जानकारी के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। वहीं उम्मीदवार उसी दिन शाम 5 बजे से शाम 6 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। नामांकन पत्रों की छानबीन 19 जनवरी को शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच की जाएगी। पूरी प्रक्रिया के बाद 20 जनवरी को BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।

नितिन नबीन के निर्विरोध चुने जाने की संभावना

पार्टी सूत्रों का कहना है कि नितिन नबीन के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना है, क्योंकि इस पद के लिए किसी अन्य बड़े नेता के नामांकन की उम्मीद बेहद कम जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो नितिन नबीन, मौजूदा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह पार्टी की कमान संभालेंगे।

राजनीतिक सफर

नितिन नबीन ने अपने पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने बेहद कम समय में पार्टी में अपनी मजबूत पहचान बनाई। नितिन नबीन ने वर्ष 2006 में उपचुनाव जीतकर पहली बार विधायक के रूप में विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में लगातार बांकीपुर सीट से जीत दर्ज की और अपने क्षेत्र में मजबूत जनाधार साबित किया।

पार्टी में नई दिशा की उम्मीद

भाजपा के भीतर नितिन नबीन को एक अनुभवी और संगठनात्मक रूप से मजबूत नेता माना जाता है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की स्थिति में पार्टी को नई रणनीति और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, खासकर आगामी चुनावों के मद्देनजर।

अब सभी की निगाहें 20 जनवरी पर टिकी हैं, जब भाजपा अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा करेगी।