जालंधर: न्यू विजय नगर में कोठी में भीषण आग, कांग्रेस विधायक की भांजी की मौत

जालंधर: न्यू विजय नगर में कोठी में भीषण आग, कांग्रेस विधायक की भांजी की मौत

मृतका रुबिका के घर का फोटो।

पंजाब के जालंधर स्थित न्यू विजय नगर इलाके में सोमवार शाम एक कोठी में भीषण आग लगने से 30 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान रुबिका के रूप में हुई है, जो कांग्रेस विधायक विक्रम चौधरी की भांजी थी।

पुलिस के अनुसार, आग लगने के समय रुबिका अपने कमरे में बेड पर लेटी हुई थी। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, जिसके कारण वह न तो मदद के लिए आवाज लगा सकी और न ही खुद कमरे से बाहर निकल पाई। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग जानलेवा साबित हो चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएचओ अनु पलियाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घर की दीवारों पर लगी पीवीसी शीट्स के कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि फायर डिपार्टमेंट और तकनीकी टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फायर विभाग की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।