जालंधर वेस्ट: बस्ती दानिशमंदा में सीवरेज व वाटर सप्लाई लाइन टूटी, बड़ा हादसा टलने की आशंका

जालंधर वेस्ट: बस्ती दानिशमंदा में सीवरेज व वाटर सप्लाई लाइन टूटी, बड़ा हादसा टलने की आशंका

सड़कों पर सीवरेज का पानी।

जालंधर वेस्ट के बस्ती दानिशमंदा इलाके में सीवरेज और वाटर सप्लाई लाइन टूटने से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। सड़कों पर तेज़ बहता गंदा पानी, जमीन के धंसने का खतरा और दुकानों व घरों में घुसता सीवरेज लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को पूरी तरह ठप कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से इलाके में सीवरेज लाइन और वाटर सप्लाई पाइपलाइन टूटी हुई है। मौके पर हालात ऐसे हैं कि सड़क पर लगातार पानी बह रहा है और जमीन नीचे धंसती हुई नजर आ रही है। इसके बावजूद न तो सड़क को बंद किया गया है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग लगाई गई है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

दुकानों में घुसा पानी, कारोबार ठप

तेज पानी के दबाव के कारण कई दुकानों और घरों में सीवरेज का पानी घुस चुका है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में दुकानें बंद करनी पड़ रही हैं, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है। कुछ दुकानों में फर्श के नीचे की मिट्टी बह जाने से इमारतों के ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है।

अधूरा काम छोड़ गया ठेकेदार

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह समस्या नई नहीं है। पहले भी इस इलाके में सीवरेज और सड़क को लेकर शिकायतें की गई थीं। ठेकेदार द्वारा काम शुरू तो किया गया, लेकिन पाइप टूटने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। न तो सड़क की मरम्मत की गई और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए।

नगर निगम और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही के आरोप

लोगों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी, संबंधित एक्सईएन और ठेकेदार को कई बार फोन किए गए, लेकिन किसी ने फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझा। स्थानीय पार्षद पर भी लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि शिकायतें और खबरें सामने आने के बावजूद मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।