शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, युवती पहुंची पुलिस कमिश्नर कार्यालय


शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, युवती पहुंची पुलिस कमिश्नर कार्यालय

जालंधर | पटियाला की युवती ने जालंधर के युवक पर गंभीर आरोप लगाए, युवक ने बताया झूठा

युवती शिवसेना नेता के साथ जालंधर पुलिस कमिश्नर के कार्यालय में पहुंची।

पंजाब के पटियाला की रहने वाली एक युवती ने जालंधर के युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने और बाद में घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि जब उसने युवक से शादी की बात कही तो उसने नशे की हालत में उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया।

इंसाफ की मांग को लेकर युवती सोमवार को शिवसेना समाजवादी के राष्ट्रीय प्रधान नरेंद्र थापर के साथ जालंधर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि युवती की ओर से लिखित दरखास्त प्राप्त हुई है। लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


युवती का पक्ष: इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, शादी का भरोसा

युवती ने बताया कि मार्च 2025 में उसकी इंस्टाग्राम के जरिए बलजीत नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों परिवारों की मुलाकात भी हुई। इसी दौरान युवक ने उससे शादी करने का आश्वासन दिया।

युवती के अनुसार, युवक उसे एक दरबार में माथा टेकने के बहाने जालंधर ले गया और बाद में अपने घर ले आया। युवक के परिजनों ने दो दिन तक उसे घर में रहने को कहा और शादी की बात परिवार से करने का भरोसा दिया।

बिना शादी किए पहनाई चूड़ियां

युवती का आरोप है कि युवक ने बिना शादी किए उसे चूड़ियां पहनाईं और दोनों की तस्वीरें खींचकर उसके परिवार को भेज दीं, यह कहते हुए कि शादी हो चुकी है। इस पर युवती के परिवार ने नाराजगी जताई और बातचीत बंद कर दी।

नशे में मारपीट, घर से निकाला

युवती का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि युवक नशा करता है। नशे की हालत में वह उसके साथ मारपीट करने लगा। 30 नवंबर को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। उसने थाना-7 में शिकायत दी, जिसके बाद राजीनामा हुआ और युवक के परिजन उसे दोबारा घर ले गए। हालांकि, 16 जनवरी को फिर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।


युवक का पक्ष: सभी आरोप बेबुनियाद, ब्लैकमेलिंग का आरोप

उधर, आरोपी युवक बलजीत सिंह ने युवती के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

शादी का कोई वादा नहीं किया

युवक ने कहा कि युवती उसकी पत्नी नहीं है। इंस्टाग्राम पर केवल डेढ़ से दो महीने बातचीत हुई थी। उसने कभी युवती को जालंधर बुलाया नहीं और न ही शादी का कोई झांसा दिया। जब युवती शादी की बात करती थी तो उसने साफ कहा था कि अभी समय चाहिए और घरवाले तैयार नहीं हैं।

खुद आई, परिवार को गुमराह किया

युवक का दावा है कि युवती अपनी मर्जी से उसके पास आई थी। उसने अपने परिवार को यह नहीं बताया कि वह युवक के साथ रह रही है, केवल उसकी मां को जानकारी थी।

मारपीट और नशे के आरोप झूठे

युवक ने मारपीट और नशा करने के आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि वह किसी भी मेडिकल जांच के लिए तैयार है। उसने कहा कि वह नशा नहीं करता और केवल कभी-कभार शराब पीता है।

दो लाख रुपए मांगने का आरोप

युवक का आरोप है कि युवती ने उससे दो लाख रुपए मांगे और कहा कि पैसे देने पर वह केस नहीं करेगी। उसने इसे ब्लैकमेलिंग बताया और कहा कि थाने में पहले राजीनामा भी हो चुका है, इसके बावजूद उस पर दबाव बनाया जा रहा है।

युवक ने कहा कि वह मानसिक रूप से परेशान है और चाहता है कि सच्चाई सामने आए।


पुलिस का रुख

पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच के बाद ही यह तय किया जाएगा कि मामला किस धाराओं में बनता है और आगे की कानूनी कार्रवाई क्या होगी।