जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करना मानवता की सबसे बड़ी सेवा: मोहिंदर भगत

कैबिनेट मंत्री ने जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल, ट्रैक सूट और बूट बांटे

जालंधर, 22 जनवरी: ठंड के मौसम के मदेनजर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा आज भार्गव कैंप में जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल, ट्रैक सूट और बूटों का वितरण किया गया। मानवता की सेवा के इस उपक्रम के दौरान डिप्टी कमिश्नर डा.हिमांशु अग्रवाल भी मौजूद थे।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि हम सबका फर्ज बनता है कि मुश्किल हालात का सामना कर रहे लोगों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के कल्याण सहित प्रत्येक वर्ग के लोगों की बेहतरी के लिए लगातार उपक्रम कर रही है।
श्री भगत ने लोगों से भी अपील की कि अपनी सामर्थ्य अनुसार जरूरतमंदों की सहायता करें और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस मौके पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरजीत लाल और अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे।