जालंधर में भीषण आग: पठानकोट हाईवे पर फैक्ट्री में लगी आग, 50 फीट तक उठीं लपटें

जालंधर में भीषण आग: पठानकोट हाईवे पर फैक्ट्री में लगी आग, 50 फीट तक उठीं लपटें


जालंधर शहर के पठानकोट हाईवे पर स्थित गांव रायपुर से बल्लां पेट्रोल पंप के नजदीक एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें करीब 50 फीट ऊंची उठती नजर आईं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की सूचना फैक्ट्री मालिक और आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड सब-डिवीजन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयासों में जुट गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्री में बिस्कुट और भुजिया बनाने का काम किया जाता था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। हालांकि, आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन कर रही है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।