बारिश ने खोली सड़क निर्माण की पोल: खांबड़ा में धंसी सड़क में फंसी बच्चों से भरी स्कूल बस, बड़ा हादसा टला
शहर में दिन भर हुई बारिश ने एक बार फिर सड़क निर्माण कार्यों की हकीकत सामने ला दी है। खांबड़ा इलाके में खुराना मोबाइल हाउस के नजदीक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों से भरी एक स्कूल बस अचानक सड़क धंसने के कारण बीच रास्ते में फंस गई। बस के फंसते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
हादसे के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बस में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटिया सड़क निर्माण और समय पर मरम्मत न होने के कारण आए दिन ऐसे हादसे होने का खतरा बना रहता है, लेकिन संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
इस मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी के हलका इंचार्ज मनी मान ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 39 के निवासियों को आज तक बुनियादी सुविधाएं तक नसीब नहीं हो पा रही हैं। मनी मान ने बताया कि खांबड़ा इलाके में करीब दो किलोमीटर लंबा सड़क का हिस्सा पूरी तरह से खराब हालत में है, जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
उन्होंने वार्ड नंबर 39 के काउंसलर लकी दादरा से अपील की कि वे खांबड़ा के लोगों की पीड़ा को समझें और जल्द से जल्द सड़क की हालत में सुधार करवाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।