बारिश ने खोली स्मार्ट सिटी की हकीकत: बूटा मंडी के पास 6–7 फुट गड्ढे में गिरी मोटरसाइकिल, बड़ा हादसा टला

जालंधर में सुबह से लगातार हो रही बारिश ने शहर की व्यवस्था और नगर निगम के स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोलकर रख दी है। जगह-जगह जलभराव और सड़कों पर बने गहरे गड्ढों ने लोगों की जान जोखिम में डाल दी है। ताजा मामला बूटा मंडी इलाके के पास का है, जहां एक मोटरसाइकिल सवार अचानक पानी से भरे करीब 6–7 फुट गहरे गड्ढे में गिर गया।
हादसे के समय सड़क पर पानी भरा होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं दे रहा था। मोटरसाइकिल जैसे ही उस स्थान पर पहुंची, संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे गड्ढे में जा गिरा। गनीमत यह रही कि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान ऐसे गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं और पहले भी कई बार नगर निगम को इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों में नगर निगम के प्रति भारी रोष देखा गया।
शहर को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना दिखाने वाली नगर निगम से नागरिकों ने मांग की है कि सड़कों पर बने इन खतरनाक गड्ढों को तुरंत भरा जाए और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी की बहुमूल्य जान खतरे में न पड़े।