जालंधर: भार्गव कैंप नगर में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, बेरहमी से मारपीट

जालंधर: भार्गव कैंप नगर में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, बेरहमी से मारपीट

वारदात के बारे में जानकारी देता राम कुमार। - Dainik Bhaskar

जालंधर के भार्गव कैंप नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का गंभीर मामला सामने आया है। 4 से 5 युवकों ने एक सब्जी विक्रेता युवक को जबरन बाइक पर बैठाकर अगवा कर लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित युवक की पहचान राम कुमार के रूप में हुई है। राम कुमार का कहना है कि कुछ युवक उसे जबरन बाइक पर बैठाकर घासमंडी की ओर ले गए, जहां उससे पूछताछ की गई और बेरहमी से पीटा गया। मारपीट के बाद आरोपी युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। हालांकि मोबाइल को लेकर बयान में विरोधाभास सामने आया है। एक तरफ कहा जा रहा है कि फोन तोड़ा गया, वहीं दूसरी ओर यह भी सामने आया है कि फोन गिरने से क्षतिग्रस्त हुआ।

शक के आधार पर उठाया गया : पीड़ित

बताया जा रहा है कि मामला किसी लड़की से बातचीत को लेकर जुड़ा हो सकता है, लेकिन पीड़ित राम कुमार ने ऐसे किसी भी मामले से साफ इनकार किया है। उसका कहना है कि उसे बेवजह शक के आधार पर उठाया गया और उसके साथ मारपीट की गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप – दबाव में है युवक

परिजनों का आरोप है कि युवक पूरी सच्चाई बताने में डर रहा है और किसी दबाव में है। पीड़ित के गले और शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भरे बाजार से किसी युवक को जबरन उठा ले जाना बेहद गंभीर मामला है और इससे इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।