हाई-प्रोफाइल ड्रग तस्कर राजा कंदोला की मौत, मुंबई में आया हार्ट अटैक

पंजाब के नवांशहर जिले के बंगा निवासी और कुख्यात ड्रग तस्कर रणजीत सिंह उर्फ राजा कंदोला की मौत हो गई है। मुंबई में रह रहे राजा कंदोला को अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवारिक सूत्रों के अनुसार, राजा कंदोला पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। इलाज के दौरान हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हुई। इसके बाद शव को मुंबई स्थित उसके आवास पर ले जाया गया। परिवार ने बताया कि अंतिम संस्कार मुंबई में ही किया जाएगा।
200 करोड़ के ड्रग रैकेट में हुई थी सजा
राजा कंदोला पंजाब के सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल ड्रग तस्करों में से एक रहा है। उसका असली नाम रणजीत सिंह था। जालंधर की विशेष PMLA (मनी लॉन्ड्रिंग) कोर्ट ने उसे 200 करोड़ रुपये के ड्रग रैकेट मामले में 9 साल की सजा सुनाई थी। इसी मामले में उसकी पत्नी रजवंत कौर को 3 साल की सजा हुई थी।

2012 में पहली बार आया था नाम सामने
राजा कंदोला का नाम पहली बार जून 2012 में सामने आया था, जब पंजाब पुलिस ने एक बड़े सिंथेटिक ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान वह दिल्ली फरार हो गया था, लेकिन अगस्त 2012 में दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
‘आइस मैन’ के नाम से था कुख्यात
रणजीत सिंह उर्फ राजा कंदोला को पंजाब में ‘आइस मैन’ के नाम से जाना जाता था। पुलिस के मुताबिक, वह आइस ड्रग (क्रिस्टल मेथ / मेथमफेटामाइन) की तस्करी का मास्टरमाइंड था। उसने दिल्ली और पंजाब में अवैध ड्रग लैब्स स्थापित कर रखी थीं। कच्चा माल दिल्ली से लाकर ड्रग्स तैयार की जाती थीं और फिर उन्हें विदेशों तक सप्लाई किया जाता था।
विदेशों तक फैला था नेटवर्क
राजा कंदोला काफी समय तक अमेरिका और जिम्बाब्वे जैसे देशों में भी रहा, जहां उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी का नेटवर्क खड़ा किया। पंजाब लौटने के बाद उसने खुद को एक बड़े फार्महाउस मालिक और कारोबारी के रूप में पेश किया।
पत्नी, बेटा और महिला मित्र भी जांच के घेरे में
ड्रग तस्करी के मामलों में राजा कंदोला के साथ उसकी पत्नी रजवंत कौर, बेटा बाली सिंह और उसकी महिला मित्र सोनिया का नाम भी सामने आया था। सोनिया पर होटल और प्रॉपर्टी से जुड़े उसके कारोबार को संभालने के आरोप लगे थे।
कई मामलों में सजा, कुछ में बरी
राजा कंदोला के खिलाफ पंजाब और दिल्ली में ड्रग तस्करी के कई मामले दर्ज थे।
-
दिल्ली के एक ड्रग केस में उसे 15 साल की सजा हुई थी
-
दो मामलों में वह बरी भी हुआ
-
जालंधर, लुधियाना और होशियारपुर में उसके खिलाफ दर्जनों केस दर्ज रहे
जगदीश भोला ड्रग केस में भी आया था नाम
राजा कंदोला का नाम कुख्यात जगदीश भोला ड्रग केस में भी सामने आया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, आइस ड्रग तस्करी के नेटवर्क में राजा की भूमिका अहम मानी जाती थी।
जेल से रिहाई के बाद मुंबई में रहने लगा था
सूत्रों के मुताबिक, जेल से रिहा होने के बाद राजा कंदोला अपने परिवार के साथ मुंबई जाकर बस गया था और वहीं से अपना कारोबार संचालित कर रहा था। वहीं उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई।