गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश उत्सव पर जालंधर में 2 दिन मीट और शराब की बिक्री पर रोक

जालंधर। श्री गुरु रविदास महाराज जी का प्रकाश उत्सव 1 फरवरी को पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 31 जनवरी को जालंधर शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की धार्मिक भावनाओं की रक्षा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट-कम-डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि शोभा यात्रा और धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 जनवरी 2026 और 1 फरवरी 2026 को जालंधर जिले में मीट और शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक रहेगी।
आदेश के अनुसार, शोभा यात्रा के रूट और धार्मिक समारोह स्थलों के आसपास स्थित सभी मीट और शराब की दुकानें दो दिनों तक बंद रहेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय धार्मिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के उद्देश्य से लिया गया है।
जिला प्रशासन ने दुकानदारों और आम जनता से सहयोग की अपील की है ताकि प्रकाश उत्सव शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।