जालंधर के रैनक बाजार में रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

जालंधर के रैनक बाजार में रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

रैनक बाजार के टिक्कियां वाले चौक में युवक को पीटते दूसरे गुट के युवक।

जालंधर। रैनक बाजार में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ईंटों और कट्टों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक रोकी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में खून का थक्का जम गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

फड़ी लगाने के लिए खड़े युवक के सिर पर दूर से ईंट मारी, बचने के लिए भागता युवक।

घटना शनिवार शाम रैनक बाजार स्थित सरकारी स्कूल के सामने की है। जानकारी के अनुसार रोकी और उसका भाई शिव पिछले कई वर्षों से सरकारी स्कूल के पास चप्पलों की फड़ी लगाते हैं। वहीं पास ही एक कपड़े की दुकान पर दीपक नामक युवक काम करता है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार करीब दो सप्ताह पहले फड़ी लगाने को लेकर शिव और दीपक के बीच विवाद हुआ था, जो उस समय समझौते में खत्म हो गया था।

शनिवार शाम जब रोकी अकेला अपनी फड़ी पर काम कर रहा था, तभी दीपक अपने भाई और कुछ साथियों के साथ ईंटें लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने रोकी पर अचानक हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके सिर पर ईंटों और कट्टों से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी गालियां देते हुए मौके से फरार हो गए और बाजार में दहशत फैल गई।

घायल रोकी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मामले की सूचना थाना चार पुलिस को दी गई है।

थाना चार के प्रभारी अनु ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है। रोकी का बयान लेने के लिए पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिलहाल अयोग्य बताया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।