77वें गणतंत्र दिवस पर पंजाब के CM भगवंत मान ने होशियारपुर में तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के संघर्ष में सबसे ज्यादा कुर्बानियां पंजाबियों ने दीं। देश का बंटवारा होने पर सबसे ज्यादा मार पंजाब को झेलनी पड़ी। देश की तरक्की में पंजाबियों का अहम योगदान है।
उन्होंने कहा कि गैंगस्टर जुर्म की दुनिया से बाहर आ जाएं। उन्हें सख्त चेतावनी दी जाती है, वर्ना उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे। उनको शह और सहायता देने वाले नहीं बख्शे जांएगे। पंजाब में फूट डालने की कोशिश हो रही है। नशे के खिलाफ आर-पाई की लड़ाई चल रही है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 98991-0002 जारी किया।
वहीं, फाजिल्का में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने झंडा फहराया। उन्होंने केसरी रंग की पगड़ी पहनी हुई थी। राज्यपाल ने कहा कि वह 8 फरवरी से 11 फरवरी तक फाजिल्का, फिरोजपुर और तरनतारन में पैदल मार्च निकालेंगे।
उधर, लुधियाना के खन्ना में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया। AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध के पीए महेश कुमार समेत अन्य नेताओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्हें बैठने के लिए कुर्सियां नहीं मिलीं। इसके बाद वह कार्यक्रम से बाहर आ गए।
मोगा की अनाज मंडी में परेड में शामिल NCC विंग की 2 छात्राएं बेहोश हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इनमें कोट इसे खां के हेमकुंट स्कूल की 9वीं की छात्रा नवजोत कौर और नवदीप कौर शामिल हैं। जिस समय मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां संबोधित कर रहे थे, उसी समय परेड के इंतजार में खड़ी छात्राएं नीचे गिर पड़ीं।

गणतंत्र दिवस सेलिब्रेशन के PHOTOS…







