विदेश भेजने के नाम पर 17.80 लाख की ठगी, न्यू ग्रीन मॉडल टाउन के ट्रैवल एजेंट पति-पत्नी पर केस

विदेश भेजकर अच्छी नौकरी और रहने का प्रबंध कराने का झांसा देकर युवक से 17 लाख 80 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम सेल ने न्यू ग्रीन मॉडल टाउन निवासी ट्रैवल एजेंट पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि नामजद आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार मनजिंदर सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी सैनिक विहार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने भतीजे साहिल को विदेश भेजने के लिए न्यू ग्रीन मॉडल टाउन के रहने वाले कथित ट्रैवल एजेंट प्रदीप सिंह पुत्र मोहिंदर सिंह और उसकी पत्नी कमलजीत कौर से संपर्क किया था। आरोप है कि दोनों ने साहिल को विदेश भेजने के साथ-साथ उसे अच्छी नौकरी दिलाने और रहने की पूरी व्यवस्था कराने का भरोसा दिया।
पीड़ित के मुताबिक एजेंट दंपती की बातों में आकर उसने 17 लाख 80 हजार रुपये नकद, पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज उन्हें सौंप दिए। इसके बाद एजेंटों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जब मनजिंदर सिंह ने दोबारा संपर्क किया तो आरोपी टालमटोल करते रहे।
काफी समय बीत जाने के बाद आरोपियों ने फोन उठाने बंद कर दिए और उनका दफ्तर भी बंद मिला। पीड़ित का आरोप है कि बाद में एजेंट दंपती ने न तो विदेश भेजने का काम किया और न ही पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि धमकियां भी देने लगे।
आखिरकार पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद जांच के उपरांत साइबर क्राइम सेल ने प्रदीप सिंह और उसकी पत्नी कमलजीत कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।