ओडिशा में अंधविश्वास की भेंट चढ़ी मां, जादू-टोने के शक में बेटे ने की हत्या
मयूरभंज।
ओडिशा के मयूरभंज जिले से अंधविश्वास से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 35 वर्षीय एक आदिवासी युवक ने जादू-टोना करने के शक में कथित तौर पर अपनी ही मां की हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस घटना की पुष्टि की है।
मृतका की पहचान रायमानी सिंह (55) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटे तपन सिंह ने बृहस्पतिवार को बेतनोटी थाना क्षेत्र के कोलाराफुलिया गांव में इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
बेतनोटी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। थाने की प्रभारी निरीक्षक सस्मिता मोहंतो ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तपन सिंह को शक था कि उसकी मां उसकी पत्नी पर जादू-टोना कर रही है। उसकी पत्नी अक्सर बीमार रहती थी, जिसके चलते वह इस अंधविश्वास का शिकार हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी तपन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और एक बार फिर अंधविश्वास के खतरनाक परिणाम सामने आए हैं।