तरनतारन में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, छेड़छाड़ विवाद बना वजह

तरनतारन।
तरनतारन जिले के गांव बाकिपुर में बुधवार को एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दिनदहाड़े 21 वर्षीय युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राणा सिंह (21), निवासी गांव सुरसिंघ के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हत्या की वजह लड़की से छेड़छाड़ को लेकर चल रहा पुराना विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर युवकों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था और इसी को लेकर दोनों पक्षों में “टाइम” भी डाला गया था। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों में समझौता भी हो चुका था, बावजूद इसके पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर तरनतारन की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले की जांच डीएसपी अतुल सोनी की निगरानी में की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।