पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री विवाद में नया मोड़, नछत्तर गिल ने वीडियो के ज़रिए दिया जवाब

पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री विवाद में नया मोड़, नछत्तर गिल ने वीडियो के ज़रिए दिया जवाब

saleem hans and roshan prince s response to nachhatar gill

चंडीगढ़।
पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री में चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। मशहूर गायक नछत्तर गिल ने रोशन प्रिंस, युवराज हंस और मास्टर सलीम को बिना किसी का नाम लिए अपने अंदाज़ में जवाब दिया है। नछत्तर गिल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह पूरे आत्मविश्वास के साथ एक पंजाबी गाने की धुन पर थिरकते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में नछत्तर गिल जिस गाने पर नज़र आ रहे हैं, उसके बोल हैं—
“सारा छान लेया मोहाली, डुब जाणिए नी खोरे केड़ी खुड्ड ची वड़े,
जट्ट मुरे अख नइयो चकदे, नी पिठ पिछे बोलदे बड़े।”

यह वीडियो किसी सीधे बयान से ज्यादा उनके जज़्बात और संदेश को बयां करता दिख रहा है।

दरअसल, कुछ समय पहले रोशन प्रिंस, मास्टर सलीम और युवराज हंस ने नछत्तर गिल के एक गाने को लेकर मज़ाक किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया। कई यूज़र्स और नछत्तर गिल के समर्थकों ने इसे एक सीनियर कलाकार का अपमान बताया और तीनों कलाकारों की कड़ी आलोचना शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर नछत्तर गिल ने भी कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा था कि कला और कलाकार का सम्मान होना चाहिए और सार्वजनिक मंच पर इस तरह का मज़ाक गलत संदेश देता है।
हालांकि, बढ़ते विवाद को देखते हुए रोशन प्रिंस, मास्टर सलीम और युवराज हंस ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था और यदि किसी को दुख पहुंचा है तो वे इसके लिए खेद प्रकट करते हैं।

अब नछत्तर गिल द्वारा साझा किया गया यह नया वीडियो चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वीडियो में उनका आत्मविश्वास और अंदाज़ यह संकेत देता है कि वे आलोचनाओं से घबराने वालों में से नहीं हैं और बिना किसी पर सीधा हमला किए उन्होंने अपने तरीके से जवाब दे दिया है।