पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, महासचिव मनोज मल्होत्रा उर्फ मनु बड़िंग का निधन

पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, महासचिव मनोज मल्होत्रा उर्फ मनु बड़िंग का निधन

manu warring

जालंधर।
पंजाब कांग्रेस को बुधवार देर रात बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के महासचिव मनोज मल्होत्रा उर्फ मनु बड़िंग का जालंधर में अचानक निधन हो गया। वह साइलेंट हार्ट अटैक का शिकार हुए। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मनु बड़िंग पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही कांग्रेस पार्टी सहित राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

बड़िंग इलाके के रहने वाले मनु बड़िंग लंबे समय से सक्रिय राजनीति में थे और कांग्रेस संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके थे। उनकी पत्नी परवीना नगर निगम में पार्षद रह चुकी हैं और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं।

खास बात यह रही कि मनु बड़िंग ने अपने निधन से महज एक दिन पहले ही सोशल मीडिया पर फिटनेस से जुड़ा एक वीडियो साझा किया था। ऐसे में उनके अचानक चले जाने की खबर ने समर्थकों और परिचितों को स्तब्ध कर दिया है।