समराला चौक–ताजपुर रोड पुल पर सरेशाम लूट, पिस्तौल के बल पर युवक से कैश और मोबाइल छीना

लुधियाना।
शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। समराला चौक से ताजपुर रोड की ओर जाने वाले पुल पर देर शाम बेखौफ लुटेरों ने सरेआम लूट की वारदात को अंजाम दिया। सफेद रंग की ऑल्टो कार में सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर एक युवक से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया।
पीड़ित की पहचान कटिंग मास्टर का काम करने वाले सुनील कुमार के रूप में हुई है। सुनील ने पुलिस को बताया कि वह ड्यूटी खत्म कर एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह समराला चौक पार कर ताजपुर रोड वाले पुल पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक सफेद ऑल्टो कार ने उसे ओवरटेक किया और अचानक उसकी एक्टिवा के आगे गाड़ी खड़ी कर दी।
कार रुकते ही उसमें से दो युवक बाहर निकले। इनमें से एक के हाथ में पिस्तौल थी, जबकि दूसरे के पास लोहे का तेजधार दात था। दोनों ने सुनील को गन पॉइंट पर लेकर जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन, करीब 6,000 रुपये नकद और अन्य सामान लूट लिया। इतना ही नहीं, लुटेरों ने उसकी एक्टिवा की चाबी भी छीन ली, ताकि वह उनका पीछा न कर सके।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना दरेसी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।