प्रधानमंत्री मोदी के पंजाब दौरे से एक दिन पहले जालंधर में बम धमकी से हड़कंप, कई स्कूलों को मिला धमकी भरा ई-मेल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से ठीक एक दिन पहले जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया, जब शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इस ई-मेल में प्रधानमंत्री के दौरे को निशाना बनाने की बात भी लिखी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ई-मेल “बिल्ली हॉल” नाम की आईडी से भेजा गया है। ई-मेल में गुरु रविदास जी के समर्थन का उल्लेख करते हुए देश की राजनीति और कुछ विवादित मुद्दों का जिक्र किया गया है। इसके साथ ही ई-मेल में खालिस्तान से जुड़ी विचारधारा और निज्जर की मौत को लेकर भी टिप्पणियां की गई हैं।
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही कैम्ब्रिज स्कूल के प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गईं। जालंधर के विभिन्न स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और हर कोने की गहनता से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि जालंधर में श्री गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली जा रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए पहले ही स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था।
उधर, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव भी शनिवार सुबह जालंधर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कीं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।