You are currently viewing मशहूर पंजाबी महिला गायिका से दुष्कर्म और 1.91 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार

मशहूर पंजाबी महिला गायिका से दुष्कर्म और 1.91 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार

 

मशहूर पंजाबी महिला गायिका से दुष्कर्म और 1.91 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार

लुधियाना में एक मशहूर पंजाबी महिला गायिका के साथ दुष्कर्म और बड़ी ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पटियाला निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान पटियाला की बाजवा कॉलोनी निवासी राजविंदर सिंह के रूप में हुई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पंजाबी गीतों से जुड़ी हुई है और गायकी का काम करती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी से हुई, जिसने कम खर्च में कैसेट तैयार कराने का झांसा दिया।

आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता ने अलग-अलग समय पर कुल 1.91 लाख रुपये उसे दे दिए। आरोप है कि आरोपी ने न तो कैसेट तैयार की और न ही पैसे लौटाए, बल्कि इसके बाद उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाना शुरू कर दिया और पुलिस में शिकायत न करने के लिए उसे ब्लैकमेल करता रहा।

काफी समय बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब पांच महीने तक जांच की, जिसमें लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद कमिश्नरेट पुलिस के थाना बस्ती जोधेवाल ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ठगी और धमकियां देने सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस द्वारा पीड़िता की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।