प्रधानमंत्री मोदी के जालंधर दौरे से पहले आदमपुर एयरपोर्ट पर बड़ा बदलाव, ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट’ के बोर्ड लगे

प्रधानमंत्री मोदी के जालंधर दौरे से पहले आदमपुर एयरपोर्ट पर बड़ा बदलाव, ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट’ के बोर्ड लगे

PunjabKesari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज जालंधर दौरे से पहले आदमपुर एयरपोर्ट को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एयरपोर्ट परिसर में ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट’ के नाम वाले बोर्ड लगा दिए गए हैं। श्री गुरु रविदास महाराज जी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री आज प्रमुख धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक होंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 3:45 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां पंजाब भाजपा की वरिष्ठ लीडरशिप उनका स्वागत करेगी। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित डेरा सचखंड बल्लां रवाना होंगे। प्रधानमंत्री यहां लगभग 40 मिनट तक रुकेंगे और गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी महाराज सहित अन्य संत-महापुरुषों से मुलाकात करेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री पंजाब को कई अहम सौगातें भी देने वाले हैं। डेरा सचखंड बल्लां से प्रधानमंत्री आदमपुर एयरपोर्ट का नाम औपचारिक रूप से ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट’ रखने की घोषणा करेंगे। इसके साथ ही लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर बने नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन भी प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं जालंधर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक केडी भंडारी ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता आदमपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे और उनके साथ डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे।