प्रधानमंत्री मोदी के जालंधर दौरे की तैयारियां लगभग पूरी, 1 फरवरी को डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 1 फरवरी (रविवार) को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 4:30 बजे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे। वह श्री गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे काफी अहम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से संत निरंजन दास जी को पद्म श्री सम्मान देने की घोषणा की गई है, जिससे इस दौरे का महत्व और बढ़ गया है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तर के नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव, स्पेशल डीजीपी राम सिंह, राजपाल संधू, सुखचैन सिंह गिल के अलावा जिले के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर भी डेरा सचखंड बल्लां का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं। डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार दोपहर आदमपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 10 मिनट तक वहां मौजूद संगत को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह डेरा प्रबंधन के कुछ पदाधिकारियों और भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से वापस आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।