प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल जालंधर दौरे को देखते हुए पंजाब पुलिस ने जिले भर में सुरक्षा के व्यापक और कड़े प्रबंध किए हैं। इसी कड़ी में पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने गत सायं जालंधर का दौरा कर स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आज डीजीपी गौरव यादव के निर्देश पर पंजाब पुलिस के दो वरिष्ठ स्पैशल डीजीपी रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधों को अंतिम रूप देने के लिए जालंधर भेजा गया। स्पैशल डीजीपी अर्पित शुक्ला और राम सिंह ने डेरा सचखंड बल्लां का दौरा किया और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर किए गए सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जालंधर जिले को सील कर दिया गया है। इससे पहले ही इलाके को ‘नो फ्लाई ज़ोन’ घोषित किया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदमपुर हवाई अड्डे पर उतरेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे, जहां वे गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी महाराज सहित अन्य संत-महापुरुषों से मुलाकात करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्पैशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं, जो प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने भी आज सुरक्षा ड्यूटी में लगे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी इंतज़ाम तय प्रोटोकॉल के अनुसार किए गए हैं और किसी भी तरह की चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।