You are currently viewing पंजाब के मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक, राजनीतिक बयानबाज़ी से ज़्यादा ज़रूरी शांति: राजिंदर कौर भट्टल

पंजाब के मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक, राजनीतिक बयानबाज़ी से ज़्यादा ज़रूरी शांति: राजिंदर कौर भट्टल

पंजाब के मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक, राजनीतिक बयानबाज़ी से ज़्यादा ज़रूरी शांति: राजिंदर कौर भट्टल

पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल ने पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगवार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बिजनेसमैन, व्यापारी, कबड्डी खिलाड़ी तक सुरक्षित नहीं हैं। कभी पुलिस पोस्टों पर बम धमाके हो रहे हैं तो कभी धमकियों के चलते स्कूलों को खाली कराना पड़ रहा है। पूरे पंजाब में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

राजिंदर कौर भट्टल ने कहा कि ऐसे गंभीर हालात में आम आदमी पार्टी और अन्य राजनीतिक दलों को एक प्राइवेट चैनल पर दिए गए उनके इंटरव्यू के बयान को असली मुद्दों से ज़्यादा अहम बना दिया गया है, जबकि असल चिंता पंजाब की कानून-व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह यह बताना चाहती थीं कि उस समय पंजाब में हालात कैसे थे और किस माहौल से राज्य बाहर निकल रहा था।

उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियां एक बार फिर वैसी ही बनती नज़र आ रही हैं। पंजाब की बेहतरी और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने सरकार को एक मिसाल देने के लिए एक पुरानी घटना साझा की थी, ताकि राज्य फिर से उस दौर में न लौटे। लेकिन कुछ राजनीतिक विरोधियों ने उनके बयान को जानबूझकर गलत रंग देने की कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि वह कहानी करीब 30 साल पुरानी थी और इस उम्र में हर छोटी-बड़ी बात याद रहना संभव नहीं है, खासकर जब उस समय के कई लोग अब इस दुनिया में भी नहीं हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बतौर राज्य प्रमुख उन्होंने हमेशा अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दल इस पूरे मामले को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर कांग्रेस पार्टी और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं और उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।

राजिंदर कौर भट्टल ने कहा कि अगर पंजाब की शांति और अमन के लिए उन्हें व्यक्तिगत तौर पर कोई भी कुर्बानी देनी पड़े, तो वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। लेकिन वह पंजाब को फिर से उस काले दौर की ओर बढ़ते हुए देखकर चुप नहीं बैठ सकतीं।

सुखबीर बादल को लेकर दिए गए बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि एक पत्रकार के सवाल के जवाब में उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि सुखबीर बादल में कुछ बदलाव नज़र आ रहा है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि शिरोमणि अकाली दल सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में पंजाब को कांग्रेस पार्टी की सरकार की सख्त ज़रूरत है और कांग्रेस पार्टी राज्य को फिर से खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।