You are currently viewing लुधियाना: DRI की बड़ी कार्रवाई, 12.118 किलो अफीम बरामद, अमेरिका-कनाडा भेजे जा रहे थे पार्सल

लुधियाना: DRI की बड़ी कार्रवाई, 12.118 किलो अफीम बरामद, अमेरिका-कनाडा भेजे जा रहे थे पार्सल

लुधियाना: DRI की बड़ी कार्रवाई, 12.118 किलो अफीम बरामद, अमेरिका-कनाडा भेजे जा रहे थे पार्सल

डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की जोनल यूनिट लुधियाना ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.118 किलोग्राम अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60.59 लाख रुपये बताई जा रही है।

डिपार्टमेंट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, DRI को खुफिया इनपुट मिला था कि लुधियाना (पंजाब) से बुक किए गए सात पार्सल, जिन्हें अमेरिका और कनाडा भेजा जाना था, उनमें NDPS एक्ट, 1985 का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ छिपाकर भेजे जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने लुधियाना स्थित एक कूरियर ऑफिस में इन पार्सलों को रोका और उनकी गहन जांच की। जांच के दौरान पार्सलों से कुल 30 पैकेट बरामद किए गए, जिन्हें बेहद चालाकी से बर्तनों और एडल्ट डायपर पैड के अंदर छिपाया गया था।

तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने के लिए ड्रग्स को घरेलू इस्तेमाल और खाने-पीने की वस्तुओं के नाम पर विदेश भेजने की कोशिश की थी। बरामद 30 पैकेटों से कुल 12.118 किलोग्राम अफीम मिली, जिसे 31 जनवरी को NDPS एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया।

DRI अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में तस्करी से जुड़े नेटवर्क, पार्सल भेजने वालों और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ड्रग तस्करी के खिलाफ DRI की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी और इस तरह के अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।