जालंधर: सोढल फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
जालंधर।
जालंधर में सोढल फाटक के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शिव भल्ला के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक रेलवे ट्रैक के पास आया, जिसके बाद यह हादसा हुआ। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से मृतक का एक प्रेस कार्ड भी बरामद हुआ है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई थी और परिजनों से संपर्क कर आगे की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा था।