You are currently viewing जालंधर के डागरा गांव में अवैध माइनिंग की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को रोका, माइनिंग माफिया पर गुंडागर्दी के आरोप

जालंधर के डागरा गांव में अवैध माइनिंग की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को रोका, माइनिंग माफिया पर गुंडागर्दी के आरोप

जालंधर के डागरा गांव में अवैध माइनिंग की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को रोका, माइनिंग माफिया पर गुंडागर्दी के आरोप

जालंधर।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान अवैध माइनिंग को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ताजा मामला जालंधर जिले के गांव डागरा से सामने आया है, जहां कथित अवैध माइनिंग की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को रास्ते में ही रोकने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि माइनिंग से जुड़े गुंडा तत्वों ने पत्रकारों को घेर लिया और उन्हें जबरन आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, पत्रकारों को गांव डागरा में अवैध माइनिंग चलने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर वे मौके पर स्थिति की पड़ताल और रिपोर्टिंग के लिए पहुंचे थे। लेकिन रास्ते में ही कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और सड़क को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया, ताकि पत्रकार मौके तक न पहुंच सकें और अवैध माइनिंग की कवरेज न हो पाए।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि पत्रकारों की गाड़ी को रास्ते में ही रोक लिया गया है और उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया जा रहा। आरोप है कि यह सब जानबूझकर किया गया ताकि अवैध गतिविधियों पर पर्दा डाला जा सके।

घटना के बाद पत्रकारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक पत्रकार मौके पर ही मौजूद थे और पुलिस के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में अवैध माइनिंग के साथ-साथ मीडिया की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।