ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर गिरी गाज, थाना सराभा नगर के SHO इंस्पेक्टर आदित्य शर्मा सस्पेंड

लुधियाना।
लुधियाना पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस कमिश्नर ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर आदित्य शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। ड्यूटी में कोताही, सरकारी आदेशों की अवहेलना और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार को इस कार्रवाई का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर आदित्य शर्मा को विभाग की ओर से एक विशेष ट्रेनिंग सेशन के लिए फिल्लौर भेजा गया था। इसके लिए स्पष्ट सरकारी निर्देश जारी किए गए थे, बावजूद इसके वह ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए। इस लापरवाही को विभाग ने गंभीरता से लिया। मामला उस समय और तूल पकड़ गया जब आरोप है कि इंस्पेक्टर ने कुछ उच्च अधिकारियों के साथ अनुशासनहीन रवैया अपनाया और दुर्व्यवहार किया।
पूरे घटनाक्रम को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पुलिस कमिश्नर के समक्ष पेश की गई। रिपोर्ट का गहन अध्ययन करने के बाद पुलिस कमिश्नर ने विभागीय अनुशासन और पुलिस की छवि को सर्वोपरि मानते हुए इंस्पेक्टर आदित्य शर्मा को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।
थाना सराभा नगर जैसे अहम थाने के एसएचओ पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में इसकी चर्चा जोरों पर है। उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही, आदेशों की अनदेखी और अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।