You are currently viewing मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत ड्यूटी लगाए जाने का विरोध, कंप्यूटर टीचर्स यूनियन पंजाब ने खोला मोर्चा

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत ड्यूटी लगाए जाने का विरोध, कंप्यूटर टीचर्स यूनियन पंजाब ने खोला मोर्चा

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत ड्यूटी लगाए जाने का विरोध, कंप्यूटर टीचर्स यूनियन पंजाब ने खोला मोर्चा

तरनतारन।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड बनाने का कार्य कंप्यूटर शिक्षकों से करवाए जाने के विरोध में कंप्यूटर टीचर्स यूनियन, पंजाब ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी कड़ी में यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रधान शीतल सिंह और प्रदेश प्रधान गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में एडीसी (जनरल) राजदीप सिंह बराड़ से मिला और कंप्यूटर टीचरों को नॉन-एकेडमिक कार्यों में लगाए जाने पर कड़ा एतराज जताया।

इस दौरान जिला प्रधान शीतल सिंह ने कहा कि डीसी कार्यालय तरनतारन द्वारा कंप्यूटर टीचरों की ड्यूटी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्ड बनाने में लगाई गई है, जबकि मुख्यमंत्री ने सरकार बनने के बाद स्पष्ट कहा था कि किसी भी शिक्षक को गैर-शैक्षणिक कार्यों में नहीं लगाया जाएगा। इसके बावजूद डीसी कार्यालय द्वारा मुख्यमंत्री के इस बयान का उल्लंघन करते हुए कंप्यूटर टीचरों की ड्यूटी नॉन-एकेडमिक कार्यों में लगा दी गई है।

यूनियन नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस कार्य के लिए सरकारी स्कूलों से कंप्यूटर सेट और प्रिंटर मंगवाए जा रहे हैं, जबकि इन्हीं संसाधनों की आवश्यकता पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की ओर से आयोजित 10वीं और 12वीं कक्षा के प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए है। ऐसे में शिक्षकों पर दोहरी जिम्मेदारी डालना न केवल गलत है, बल्कि छात्रों की पढ़ाई और परीक्षाओं को भी प्रभावित कर सकता है।

कंप्यूटर टीचरों ने डीसी कार्यालय तरनतारन से मांग की है कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना से संबंधित ड्यूटी तुरंत प्रभाव से रद्द की जाए और स्कूलों से हार्डवेयर मंगवाने के आदेश भी वापस लिए जाएं। यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक ये ड्यूटी रद्द नहीं होतीं, तब तक जिले के सभी कंप्यूटर टीचर इन ड्यूटी का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।

इस मौके पर प्रदेश प्रधान गुरविंदर सिंह ने कहा कि सरकार जब भी कोई लाभ या सुविधा देती है, तो कंप्यूटर टीचरों को नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन गैर-पढ़ाई से जुड़े कार्यों के लिए सबसे पहले इन्हीं की ड्यूटी लगा दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बॉर्डर एरिया में कार्यरत शिक्षकों को दिया गया स्पेशल इंक्रीमेंट भी अब तक कंप्यूटर टीचरों को नहीं दिया गया है।

इस दौरान मनी, कुमार गौरव, परविंदर सिंह, अजयपाल सिंह, पवन कुमार, करनजीत सिंह, हरप्रीत सिंह सहित अन्य यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।