घने कोहरे के चलते जालंधर में भीषण सड़क हादसा, महिला और 3 साल की बच्ची गंभीर घायल
जालंधर : घने कोहरे के कारण जालंधर में एक परिवार के साथ भयानक सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह पठानकोट नेशनल हाईवे पर रायपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने वेन्यू कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दुर्घटना में कार सवार 28 वर्षीय महिला और उसकी 3 वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत कैपिटल अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एएसआई रणधीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा सामने आया है, वहीं ट्रक चालक की लापरवाही भी स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।
पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में ले लिया है और ट्रक मालिक को इस संबंध में सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।