नकोदर में पुलिस एनकाउंटर, गोल्डी बराड़–रोहित गोधरा गिरोह के 2 शूटर गिरफ्तार, 5 करोड़ की फिरौती की बड़ी वारदात नाकाम
नकोदर : नकोदर पुलिस ने मंगलवार सुबह एक एनकाउंटर के बाद गोल्डी बराड़ और रोहित गोधरा गिरोह से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक वारदात को नाकाम कर दिया। दोनों आरोपी नकोदर के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और उसके दफ्तर पर फायरिंग करने के मामले में वांछित थे।
एसएसपी जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि शिकायतकर्ता मनीष बख्शी उर्फ मन्नू, जो नकोदर में एक ट्रैवल कंपनी और आईलेट्स सेंटर संचालित करता है, को विदेशी नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे थे। आरोपियों ने उससे 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। फिरौती न देने पर बदमाशों ने उसके कार्यालय के बाहर फायरिंग भी की थी, जिसके बाद थाना सिटी नकोदर में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
एसएसपी ने बताया कि 4 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उक्त वारदात में शामिल आरोपी इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नूरमहल रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसके बाद दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें काबू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मौके से हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गोल्डी बराड़ और रोहित गोधरा गिरोह से जुड़े हुए हैं और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।