You are currently viewing जीरकपुर में होटल से देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस रेड में 7 लड़कियां रेस्क्यू, होटल मैनेजर गिरफ्तार

जीरकपुर में होटल से देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस रेड में 7 लड़कियां रेस्क्यू, होटल मैनेजर गिरफ्तार

जीरकपुर में होटल से देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस रेड में 7 लड़कियां रेस्क्यू, होटल मैनेजर गिरफ्तार

जीरकपुर: जीरकपुर-पंचकूला रोड पर स्थित एक होटल में देह व्यापार के घिनौने धंधे का बड़ा खुलासा हुआ है। जीरकपुर पुलिस ने पक्की सूचना के आधार पर होटल में छापेमारी करते हुए 7 लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया, जबकि होटल मैनेजर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि होटल मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए ASP जीरकपुर गजलप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से उक्त होटल में देह व्यापार चलने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर रेड की। तलाशी के दौरान होटल से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई, जिसके आधार पर जांच को और तेज कर दिया गया है।

ASP गजलप्रीत कौर ने बताया कि देह व्यापार के खिलाफ जीरकपुर पुलिस की यह पहली कार्रवाई नहीं है। अब तक पुलिस करीब 65 लड़कियों को देह व्यापार के जाल से मुक्त करवा चुकी है। लगातार हो रही छापेमारी के चलते इस गैर-कानूनी धंधे से जुड़े लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि सख्त कार्रवाई के चलते जीरकपुर में देह व्यापार के मामलों में काफी कमी आई है। होटलों और गेस्ट हाउस पर निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया कि जिस बिल्डिंग में गैर-कानूनी देह व्यापार चल रहा था, उसे सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही होटल से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

VIP रोड पर 2 स्पा सेंटर भी सील

ASP ने बताया कि इसी कड़ी में पुलिस ने जीरकपुर की VIP रोड पर स्थित दो स्पा सेंटरों पर भी छापेमारी की। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही संचालक और अन्य लोग फरार हो गए, लेकिन कार्रवाई करते हुए दोनों स्पा सेंटरों को सील कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देह व्यापार जैसे गंभीर मामलों में पुलिस की नीति पूरी तरह सख्त है और भविष्य में भी ऐसी जगहों पर लगातार रेड जारी रहेंगी।